दूब का गीत - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

6 min read · 12.4K reads

हमारी अनिच्छाओं में शामिल है आकाश
जबकि हवा से अधिक धरती में हमारा प्रशांत विस्तार
 
सितारे पुकारते हमारे स्वप्नों को चँदोवा तान रुपहला
जबकि नई नई छवि उन्हें बख्शती सतत
हमारी सूफी निगाह
 
तितलियाँ पंख पसार प्रार्थना करतीं
जबकि हमारी कोख का फूल
नहीं मानता स्वयं को ईश्वर खुदमुख्तार
 
लहरों और प्रशस्तियों और इंद्रधनुष और पुरस्कार
की बिसात ही क्या
जबकि क्लोरोफिल पर हमारे
निसार दुनिया का दिल
 
कोई रूमानी आत्मदया न मानें कृपया
किंतु रहा नहीं
अब रहा नहीं रहने का मन
कि अपने ही हरियाले सावन में होकर यूँ अंधी
रहूँ क्या?
 
आप ही बताएँ
भला क्या करूँगी खून खून धरती
कि खरगोश की पुतलियों-सा नहीं रहा सूरज
सद्यःप्रसूता की काया-सी नहीं रही सृष्टि
 
नहीं रहा अब हमारे होने का नैसर्गिक अर्थ
कि अश्वमेध यज्ञों में चाहा ही नहीं था
शामिल होना कभी अच्छत के साथ भी
अब तो नाध दिया जा रहा हमें भी
हत्यारों और लंपटों और मूर्खों की मालाओं, वंदनवारों में
 
किंतु
आँधियाँ प्रचंड और समय के चक्रवात अनगिन
उखाड़ नहीं पाए जिसे जड़ से
हमारे होने का गुरुत्व गौरव : ज्वाला की हरिताभ लौ।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like