मैं तो भजन भाव हूँ! - किशोर कल्पनाकांत

kishore kalpkaantकिशोर कल्पनाकांत4 Sept 1930 – 6 Jan 2001

5 min read · 12.4K reads

 
मैं तो भजन भाव हूँ, मन के तंबूरे पर गाओ !
मुझ में ध्वनित शब्द नाद को साधो, तुम अपनाओ !

में न कभी परिभाषित होता, मैं को मैं ही जानो !
भजनभाव में विह्वल हो कर,मैं को तुम अनुमानों !
सुनाने वाला मिले न कोई, मैं को बैठ सुनाओ !
मैं तो भजन भाव हूँ, मन के तंबूरे पर गाओ !


भव उत्पीडित सकल जगत है घोर भयावह भाथी !
निविड़-निभृत जीवन में, प्रिय तुम, ढून्ढ रहे हो साथी !
चरैवेति का चाक्छुस चंदन, घिस -घिस माथ लगाओ !
मैं तो भजन भाव हूँ, मन के तंबूरे पर गाओ !

व्योम-विहग बन उड़ा प्राण जो, कहाँ पहुँच कर थमता ?
छोर-हीन विस्तार व्याप्त है, वह जोगी है रमता !
अपरा के सम्मोहन में तुम मत उस को उलझाओ !
मैं तो भजन भाव हूँ, मन के तंबूरे पर गाओ !

तीन काल की त्रिभुवन यात्रा, मैं तो अथक बटोही !
ढून्ढ रहा अपने ही भीतर, मैं को मैं हूँ टोही !
स्व को भजन बनाया मैंने, स्व को मत अलगाओ !
मैं तो भजन भाव हूँ, मन के तंबूरे पर गाओ !
kishore kalpkaant
About the poet

kishore kalpkaant किशोर कल्पनाकांत

भारतीय लेखक

View profile & all 5 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like