तुम्हारा शहर - केशव तिवारी

केशव तिवारीकेशव तिवारी

3 min read · 12.4K reads

बेतवा के पुल पर खड़ा मैं
तुम्हारे शहर को देखता हूँ
दो नदियों के बीच बसा ये
चाँदनी रात में
किसी तैरते हुए
जलमहल-सा दिखता है
और घर की छत पर खड़ी तुम
एक जलपरी-सी

इसी शहर की टेढ़ी-मेढ़ी गलियों से गुज़रते
तुम हुई होगी युवा
किसी को पहली बार देख कर
चमकी होगी नज़र

इसी शहर में है कल्पवृक्ष
जिसके नीचे खड़ी हो कर
देखा होगा उद्दाम यमुना को
महसूस की होगी तटबन्धों की सिहरन

बाहर से कितना शान्त
भीतर से कितना बेचैन
तुम्हारी ही तरह
ये तुम्हारा शहर ।
केशव तिवारी
About the poet

केशव तिवारी

View profile & all 45 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like