बसंत - केदारनाथ सिंह

केदारनाथ सिंहकेदारनाथ सिंह7 Jul 1934 – 19 Mar 2018

3 min read · 12.4K reads

और बसंत फिर आ रहा है
शाकुंतल का एक पन्ना
मेरी अलमारी से निकलकर
हवा में फरफरा रहा है
फरफरा रहा है कि मैं उठूँ
और आस-पास फैली हुई चीजों के कानों में
कह दूँ ना
एक दृढ़
और छोटी-सी ना
जो सारी आवाजों के विरुद्ध
मेरी छाती में सुरक्षित है

मैं उठता हूँ
दरवाजे तक जाता हूँ
शहर को देखता हूँ
हिलाता हूँ हाथ
और जोर से चिल्लाता हूँ-
ना...ना...ना

मैं हैरान हूँ
मैंने कितने बरस गँवा दिए
पटरी से चलते हुए
और दुनिया से कहते हुए
हाँ हाँ हाँ...
केदारनाथ सिंह
About the poet

केदारनाथ सिंह

Kedarnath Singh was an Indian poet who wrote in Hindi. He was also an eminent critic and essayist. He was awarded the Jnanpith Award, Sahitya Akademi Award in Hindi for his poetry collection, Akaal Mein Saras.

View profile & all 69 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like