उसका हिंदुस्तान - कौशल किशोर

कौशल किशोरकौशल किशोर1 Sept 1954

6 min read · 12.4K reads

एक औरत सड़क किनारे बैठी
पत्थर तोड़ती है
वह पत्थर नहीं तोड़ती
ज़िन्दगी घसीटती है
एक औरत उन पत्थरों से बनी
सड़क पर सरपट दौड़ती है
कार की तरह
उसमें बैठी हुई

एक औरत के दोनों हाथ मिट्टी में सने हैं
पहली मंज़िल से दूसरी मंज़िल
दूसरी से तीसरी
बाँस की सीढ़ियों पर चढ़ती हुई
वह मिट्टी की गंध पहुँचाती है

एक औरत रहती है
इस बहुमंज़िली इमारत में
मिट्टी की गंध से बेख़बर
श्रम से बेख़बर
उसकी दुनिया से बेख़बर

एक औरत प्रताड़ना की पीड़ा झेलती है
अपमान के कड़ुए घूँट पीती है
आत्मदाह करती है
या सरेआम जलाई जाती है
एक औरत इस घटना पर आँसू बहाती है
वह फ़र्क नहीं मानती
सभा-सोसाइटी में जाती है
हर मंच की शोभा बढ़ाती है
समानता पर
औरतों के जलाए जाने के विरुद्ध
लम्बा भाषण देती है
ख़ूब तालियाँ बटोरती है

वह ख़ुश है कि
औरतों का बिल
उसने पारित करा लिया है
अब दिखेंगी औरतें हर जगह
हर सदन में
मुख्य-धारा में होंगी औरतें

एक औरत देख रही यह सब
अपलक निगाहों से
अकड़ गई उसकी पीठ
तन गई उसकी गर्दन की नसें
हाशिए पर खड़ी-खड़ी पथरा गई हैं
उसकी आँखें

इन्ही आँखों में है उसका हिन्दुस्तान ।
कौशल किशोर
About the poet

कौशल किशोर

View profile & all 16 Poems / Stories