वह रचती है जीवन और... - कात्यायनी

Katyayaniकात्यायनी9 May 1959

5 min read · 12.4K reads

नारी की रचना इसलिए हुई है कि पुरुष अपने पुत्रों, देवताओं से वंश चला सके – ऋग्वेद संहिता

नारी की रचना हुई
मात्र वंश चलाने के लिए,
जीवन को रचने के लिए
उन्होंने कहा चार हज़ार वर्षों पहले
नए समाज-विधान की रचना करते हुए।

पर वे भूल गए कि
नहीं रचा जा सकता कुछ भी
बिना कुछ सोचे हुए।

जो भी कोई कुछ रचता है – वह सोचता है।

वह रचती है
जीवन
और जीवन के बारे में सोचती है लगातार।

सोचती है –-
जीवन का केन्द्र-बिन्दु क्या है
सोचती है -–
जीवन का सौन्दर्य क्या है
सोचती है -–
वह कौनसी चीज़ है
जिसके बिना सब कुछ अधूरा है,
प्यार भी, सौन्दर्य भी, मातृत्व भी…

सोचती है वह
और पूछती है चीख़ -चीख़कर।

प्रतिध्वनि गूँजती है
घाटियों में मैदानों में
पहाडों से, समुद्र की ऊँची लहरों से
टकराकर

आज़ादी !!! आज़ादी !!! आज़ादी !!!
Katyayani
About the poet

Katyayani कात्यायनी

कात्यायनी जन्मः 9 मई 1959; गोरखपुर। विगत पन्द्रह वर्षों के दौरान कुछ समय तक अंशकालिक पत्रकारिता और फिर स्वतन्त्र लेखन। सांस्कृतिक-राजनीतिक और नारी मोर्चे पर सक्रियता। कविताएँ हिन्दी की अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कुछ कविताएँ अंग्रेज़ी, पंजाबी और मराठ…

View profile & all 46 Poems / Stories