रेलगाड़ी - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

5 min read · 12.4K reads

छुक-छुक छुक-छुक रेल चली
हू-हू करती रेल चली ।

बस्ती इधर, उधर जंगल
चुप्पी इधर, उधर हलचल
बालू इधर, उधर दलदल
जमना इधर, उधर चम्बल
करती ठेलम-ठेल चली ।
हू-हू करती रेल चली ।।

बस्ती हो या वीराना
अपना हो या बेगाना
दाना हो या दीवाना
फ़र्क नहीं इसने जाना
सबसे करती मेल चली ।
छुक-छुक करती रेल चली ।।

कभी नदी-सी बहती है
कभी कहानी कहती है
कभी खड़ी ही रहती है
शीत-घाम सब सहती है
आह नहीं मुँह से निकली ।
छुक-छुक करती रेल चली ।।

पगली-सी चिल्लाती-सी
रह-रह शोर मचाती-सी
दिल की आग छिपाती-सी
हँसकर धुआँ उड़ाती-सी
तन पर सब-कुछ झेल चली ।
छुक-छुक करती रेल चली ।।

चलो रेल के संग चलें
बनकर सदा दबंग चलें
मन में लिए उमंग चलें
बनकर वायु-तरंग चलें
चलो कि जैसे रेल चली
करती ठेलमठेल चली ।
छुक-छुक करती रेल चली ।।

आकाशवाणी के लिए 1967 में लिखी गई।
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like