क्रान्ति का गीत - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

4 min read · 12.4K reads

तूफ़ान उठाती आ
बिजली चमकाती आ
पीले पत्तों को खाद बना नव सुमन खिलाती आ ।।

मुरझाए तेरे फूल सभी सूखी हर डाली है
मुट्ठी भर हत्यारों ने सबकी नींद चुरा ली है
मूँछों पर देता ताव यहाँ अन्याय अकड़ता है
हैरानी की है बात कि तेरा खप्पर ख़ाली है
आवाज़ लगाती आ
हाँ आग लगाती आ
दुष्टों के शीश उड़ा उनकी जयमाल बनाती आ ।
पीले पत्तों को खाद बना नव सुमन खिलाती आ ।।

फूलों को खिलने दो शूलों के डंक कुचल डालो
सहमे-सहमे नन्हें पौधों में नवजीवन डालो
धरती के निर्मल पानी पर एकाधिकारवाले
बरगद के तन पर चोट करो और शाख़ काट डालो
आ न्याय दिलाती आ सबको हुलसाती आ
इस तपती हुई धरित्री पर अमरित बरसाती आ ।
तूफ़ान उठाती आ
बिजली चमकाती आ
पीले पत्तों को खाद बना नव सुमन खिलाती आ ।।

रचनाकाल : मार्च 1978
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like