मेरी आँखों में अश्रु, अधर पर मधुर हास है - कन्हैयालाल मत्त

कन्हैयालाल मत्तकन्हैयालाल मत्त18 Sept 1911

9 min read · 12.4K reads

मेरी आँखों में अश्रु, अधर पर मधुर हास है
मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !

तुम याद करो वह दिन जब पहला कमल खिला था
मैं उसी नाभि के मूल केन्द्र में घुला-मिला था
जब सारा कल्प-विधान एक में नहीं समाया
मैं स्वयं बना मनु-धर्म, स्वयं बन गया इला था
     यह सृष्टि-प्रलय मेरे जीवन का उपन्यास है
     मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !

मैं राम बना सुनकर धरती माता का दुखड़ा
जब तक उत्पीड़न रहा, रहा मन उखड़ा-उखड़ा
जब भ्रमित यशोदा हुई स्नेह के आरोपों से
मैं ध्रुव-विराट बन गया दिखाकर अपना मुखड़ा
     यह आदि-अन्त मेरे आवर्तन का परास है
     मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !

मैं निर्माणों में नए-नए विश्वास जगाता
मैं मरुस्थलों में श्रेय-प्रेय के वृक्ष उगाता
मैं जन-जागृति के पर्व-पर्व का पुरश्चरण हूँ
मैं दण्ड-भेद का नहीं, साम का हूँ उद्गाता
     मेरे जीवन का ध्येय भव्यता का विकास है
     मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !

मेरे प्रयास में गति है, जड़ उपबन्ध नहीं है
मेरी पूजा का पुष्प निरा निर्गन्ध नहीं है
मेरे गीतों में गरल-सुधा का वह मिश्रण है
जिसको पीने पर ऋतुओं का प्रतिबन्ध नहीं है
     यह वसन्त – केवल गर्मी-सर्दी का समास है
     मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !

मेरे सपनों में क्रान्ति, घोष में भीषण लय है
चिन्तन में दहती चिता, कल्पना अमृतमय है
मेरे शब्दों से भाव छलकते हैं करुणा के
मेरी वाणी में गुम्फित मेरा हृदय सदय है
     जन-हित के लिए समर्पित मेरा श्वास-श्वास है
     मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !

मेरी भाषा स्नेहाभिव्यक्ति है नये सृजन की
है सङ्गीतों-सी मुखर सरसता शब्द-चयन की
मैं अलङ्कार की, रस-विधान की परम्परा हूँ
मेरी शैली है शिल्प-विधा साहित्य-सदन की
     मेरी रचना में मौन समर्पण की मिठास है
     मैं कवि हूँ, मेरे स्वर में शङ्कर का निवास है !
कन्हैयालाल मत्त
About the poet

कन्हैयालाल मत्त

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डी