मैं कोई कविता लिख रहा हूँगा - कैलाश मनहर

कैलाश मनहरकैलाश मनहर2 Sept 1954

3 min read · 12.4K reads

मैं कोई कविता लिख रहा हूँगा
जब
संसद में चल रही होगी बहस
कि क्यों और कितना जरूरी है
बचाना कानून को ?
कविता से, होने वाले खतरे पर
चिन्तित
सत्ता और प्रतिपक्ष के सांसद
कानून की मजबूती के बारे में
सोच रहे होंगे,
वातानुकूलित सदन में
बाहर की
उमस और गर्मी से बेख़बर ।

मन्दिरों में गूँज रहे होंगे शंख और घड़ियाल
मस्जिदों में अज़ानें
कि शैतान
अब कविता की शक़्ल में आया है
चर्च में
प्रार्थना कर रहे होंगे
यीशु के हत्यारे....

ऐसा ही होगा शायद
कि मैं कोई कविता लिख रहा हूँगा
जब
तोप के मुँह पर बैठी होगी
चहकती चिड़िया.....
कैलाश मनहर
About the poet

कैलाश मनहर

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like