लोग, सीढ़ियाँ और कवि - कैलाश मनहर

कैलाश मनहरकैलाश मनहर2 Sept 1954

5 min read · 12.4K reads

सीढ़ियाँ
अन्तहीन हैं या अर्थहीन
वे नहीं जानते

वे सिर्फ़ चढ़ना जानते हैं
और थकते जा रहे हैं

नीचे छूट गई है कमीज़
अगली पायदान पर
रखा हुआ है कोट छत पर
सूख रही हैं साड़ियाँ
आँगन में
खड़ी की जाने लगी हैं गाड़ियाँ

सीढ़ियाँ
अच्छी हैं या बुरी
वे ध्यान नहीं देते
उन्हें ऊपर चढ़ने की जल्दी है
पीछे वालों को धकियाते हुए और
आगे वालों से बतियाते हुए
वे चढ़ना चाहते हैं ऊपर

और ऊपर
न कोई लक्ष्य है
न उद्देश्य
जो कुछ है सिर्फ़ भ्रम है
या भ्रष्टाचार
गलियारे में आवाज़ लगा रहा है
एक भूखा बुढ्ढ़ा
खूँटा उखाड़ कर भाग गई है
गायें और बकरियाँ
किन्तु उन्हें फुर्सत नहीं है
क्योंकि उन्हें चढ़ना है
और उनके सामने पड़ी हैं सीढ़ियाँ

कवि भी अजीब है
वह वहाँ है
जहाँ न तो लोग हैं
और न ही सीढ़ियाँ हैं
कवि, या तो नदी में टहल रहा है, गुमसुम
या आसमान में उड़ रहा है, अकेला
या फिर पोली कर रहा है
सीढ़ियों की नींव
कविता के जरिए ।
कैलाश मनहर
About the poet

कैलाश मनहर

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like