कवि और हत्यारा - कैलाश मनहर

कैलाश मनहरकैलाश मनहर2 Sept 1954

3 min read · 12.4K reads

कच्चे अमरूद पर टाँच मारते हुए
सुग्गे को निहार रहे थे जब तुम
उस वक़्त
हत्यारा अपना चाकू पैना रहा था

और जब
तुम्हारी निग़ाहें
उस रँगीन तितली के पीछे दौड़ रहीं थीं
तब निशाना साध रहा था
हत्यारा

फिर जैसे ही
बाग़-ओ-बहार पर लिखी
अपनी कविता पढ़ते हुए तुम
रीझने लगे स्वयँ पर तो
सड़क पर एक लाश पड़ी थी
ख़ून में लथपथ

मृतक के सीने पर
चमक रहे थे
अमरूद सुग्गा तितली और कविता
जबकि तुम्हारा पुरस्कार
अगले राष्ट्रीय उत्सव के लिए लगभग
निश्चित हो चुका था
कैलाश मनहर
About the poet

कैलाश मनहर

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like