इसी अधकचरे समय में - कैलाश मनहर

कैलाश मनहरकैलाश मनहर2 Sept 1954

8 min read · 12.4K reads

इसी अधकचरे समय में से चुनने हैं
कुछ पल हंसी के
मुस्कराहट के कुछ लम्हे ढूँढ़ने हैं

जैसे उस रपटीली जगह पर
फिसलकर गिर जाने के लिए
घर आकर हंस लेना है ठहाका लगाते हुए
और समोसे का गरमागरम आलू
तालू में चिपक जाने की बात पर
कहकहा लगाते हुए बच्चों के साथ
बिता लेनी है यह ढलती शाम

इसी अधकचरे समय में से सँजो लेना है
वह क़ीमती क्षण
जब वह प्रौढ़ा
मेरे लम्बे बालों को देखकर मुस्कराई थी
और मैं स्वयँ पर ही मोहित हो गया था
उस वक़्त
जब पहला पैग पीने के बाद
मैंने बहुत मस्त अँग्रेज़ी बोली थी सगर्व
अन्धेरी रात में भी
मैं घर पहुँच गया था सही-सलामत

इसी अधकचरे समय में से
निकाल फेंकनी हैं कुछ यादें
कि नोटबन्दी के दिनों में
कितनी किल्लतें झेलीं थीं हमने सपरिवार
बिना सब्ज़ी खानी पड़ी थीं रोटियाँ
और बेरोज़गार बेटे पर
बहुत प्यार उमड़ आया था उन दिनों
पोते-पोतियों ने भी नहीं की थी
दूध और बिस्किट के लिए जिद्द

इसी अधकचरे समय में से बनाने हैं
कुछ हास्यास्पद लतीफ़े
कि छह सौ करोड़ देशवासियों द्वारा
निर्वाचित बताया था प्रधानमन्त्री ने स्वयँ को
और गुरुनानक गोरखनाथ और कबीर
को एक साथ बैठा दिया था चौपाल-चर्चा में
जबकि मौत
मुठ्ठी में लेकर पैदा होते थे हमारे जवान

इसी अधकचरे समय में से रचनी हैं
कुछ कहावतें हमें कि
षड़यन्त्रपूर्वक क़त्ल को ’लोया होना’ कहते हैं और
सरेआम हत्या को ’धर्म-संस्थापन’
विधायकों की ख़रीद-फरोख़्त को
’सरकार-परिवर्तन’ कहा जाता है जबकि
सरकारी दल के अध्यक्ष द्वारा
सारे मन्त्रिमण्डल को निर्देशित करना
लोकतन्त्र का ही विकसित रूप है
कैलाश मनहर
About the poet

कैलाश मनहर

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like