दे चुके दिल तो फिर अब दिल पर इजारा कैसा

कैफ़ी काकोरवीकैफ़ी काकोरवी

1 min read · 12.4K reads

दे चुके दिल तो फिर अब दिल पर इजारा कैसा

हम समझते हैं हमारा है हमारा कैसा

हर अदा बाँकी है हर नाज़ से प्यारा कैसा

दिल में रख लीजिए अंदाज़ है सारा कैसा

सुर्ख़ पोशाक वो पहनेंगे ख़ुदा ख़ैर करे

आज मिर्रीख़ का चमकेगा सितारा कैसा

मुझ को ये लुत्फ़ कि वो शर्त में बोसे जीते

उन को ये शर्म कि मैं जीत में हारा कैसा

मर्दुम-ए-चश्म ने पलकों से बलाएँ ले लीं

चश्म-ए-बद्दूर है वो आँख का तारा कैसा

मैं लिए जाऊँ शब-ए-वस्ल मुकर्रर बोसे

तुम कहे जाओ कि हैं हैं ये दोबारा कैसा

दम-ए-नज़्ज़ारा नज़र-बाज़ तड़प जाते हैं

शोख़ी-ए-चश्म से है शोख़ इशारा कैसा

तुझ पे मरते हैं तिरे वा'दों पे हम जीते हैं

ख़ाली बातों का भी होता है सहारा कैसा

साफ़ आग़ोश-ए-तमन्ना से निकल जाते हो

वस्ल में वस्ल से करते हो किनारा कैसा

कैफ़ी काकोरवी
About the poet

कैफ़ी काकोरवी

उपनाम : 'कैफ़ी' मूल नाम : नूरुद्दीन अहमद जन्म : काकोरी, उत्तर प्रदेश निधन : 18 May 1928 | काकोरी, उत्तर प्रदेश

View profile & all 6 Poems / Stories