माँग रहा लेकर कटोरा - जीवन शुक्ल

जीवन शुक्लजीवन शुक्ल3 Apr 1932

3 min read · 12.4K reads

माँग रहा लेकर कटोरा
भटक गई किस्मत का सावधान छोरा।

ढकी मुँदी आँखों के कजरारे द्वार
इकतारी काया के कर का प्रस्तार
टूट नहीं पाता है अम्बर का धीर
धरती पी जाती है होंठों में पीर

उड़ती कनकैया का
धारदार डोरा
माँग रहा लेकर कटोरा
दूषित समाज का गहन लगा छोरा।

असमय में कबीर के गीतों का साथ
पोंछ रहा कमलों से शबनम का माथ
माँग रहा कण कण में दुर्दिन का ईश
दाता की खैर कुशल सस्ती आशीष

माटी की गोद भली
संयम का बोरा
माँग रहा लेकर कटोरा
नियति के नवासे का नया नया छोरा ।।
जीवन शुक्ल
About the poet

जीवन शुक्ल

जन्म: 03 अप्रैल 1932 जन्म स्थान: खजुहा, फ़तेहपुर, उत्तर प्रदेश, भारत कुछ प्रमुख कृतियाँ: झाऊ की ओट में गुलाब, तरासी आत्मा, जीवन सृजन

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like