क्रान्ति-बीज बन जाना - जेन्नी शबनम

जेन्नी शबनमजेन्नी शबनम16 Sept 1966

5 min read · 12.4K reads

रक्त-बीज से पनप कर
कोमल पंखुड़ियों-सी खिलकर
सूरज को मुट्ठी में भर लेना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !

नाजुक हथेलियों पर
अंगारों की लपटें दहकाकर
हिमालय को मन में भर लेना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !

कोमल काँधे पर
काँटों की फसलें उगाकर
फूलों को दामन में भर लेना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !

मन की सरहदों पर
संदेहों के बाड़ लगाकर
प्यार को सीने में भर लेना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !
  
जीवन पथ पर
जब वार करे कोई अपना बनकर
नश्तर बन पलटवार कर देना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !

अनुकम्पा की बात पर
भिड़ जाना इस अपमान पर
बन अभिमानी भले जीवन हार देना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !

सिर्फ अपने दम पर
सपनों को पंख लगा कर
हर हार को जीत में बदल देना
तुम क्रान्ति-बीज बन जाना !

(जनवरी 7, 2013)
जेन्नी शबनम
About the poet

जेन्नी शबनम

जन्म : १६नवम्बर, १९६६ को भागलपुर, बिहार में शिक्षा : एम.ए, एल एल.बी, पी एच. डी व्यवसाय: अधिवक्ता, समाज सेवा संप्रति: कोषाध्यक्ष, अंगिका डेवलपमेंट सोसाइटी, बिहार, सचिव, वी.भी.कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, भागलपुर, बिहार अधिवक्ता, नई दिल्ली।

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like