फ़र्ज़ की किश्त - जेन्नी शबनम

जेन्नी शबनमजेन्नी शबनम16 Sept 1966

5 min read · 12.4K reads

लाल पीले गुलाबी
सपने बोना चाहती थी
जिन्हें तुम्हारे साथ
उन पलों में तोडूँगी
जब सारे सपने खिल जाएँ
और जिन्दगी से हारे हुए हम
इसके बेहद ज़रूरतमंद हों !
पल-पल जिंदगी बाँटना चाहती थी
सिर्फ तुम्हारे साथ
जिन्हें तब जियूँगी
जब सारे फ़र्ज़ पूरे कर
हम थक चुके हों
और हम दूसरों के लिए
बेकाम हो चुके हों !

हर तजुर्बे बतलाना चाहती थी
ताकि समझ सकूँ दुनिया को
तुम्हारी नज़रों से
जब मुश्किल घड़ी में
कोई राह न सूझे
हार से पहले एक कोशिश कर सकूँ
जिससे जीत न पाने का मलाल न हो !

जानती हूँ
चाहने से कुछ नहीं होता
तकदीर में विफलता हो तो
न सपने पलते हैं
न ज़िंदगी सँवरती है
न ही तजुर्बे काम आते हैं !

निढ़ाल होती मेरी ज़िंदगी
फ़र्ज़ अदा करने के क़र्ज़ में
डूबती जा रही है
और अपनी सारी चाहतों से
फ़र्ज़ की किश्त
मैं तन्हा चुका रही हूँ !

(सितम्बर 18, 2012)
जेन्नी शबनम
About the poet

जेन्नी शबनम

जन्म : १६नवम्बर, १९६६ को भागलपुर, बिहार में शिक्षा : एम.ए, एल एल.बी, पी एच. डी व्यवसाय: अधिवक्ता, समाज सेवा संप्रति: कोषाध्यक्ष, अंगिका डेवलपमेंट सोसाइटी, बिहार, सचिव, वी.भी.कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, भागलपुर, बिहार अधिवक्ता, नई दिल्ली।

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like