बिके प्यादों से हम सरकार का बहुमत जुटाते हैं - जयकृष्ण राय तुषार

जयकृष्ण राय तुषारजयकृष्ण राय तुषार1 Sept 1969

6 min read · 12.4K reads

सभी सरसब्ज़ मौसम के नये सपने दिखाते हैं
हमें मालूम है वो किस तरह वादे निभाते हैं ।

इलेक्शन में हुनर, जादूगरी सब देखिए इनकी
ये हर भाषण में सड़कें और टूटे पुल बनाते हैं ।

चलो मिल जाएगी उस वक़्त पे दो वक़्त की रोटी
हम इस मकसद से ज़िन्दाबाद के नारे लगाते हैं ।

हमारा सच कभी देखा नहीं है इनकी आँखों ने
हमारे रहनुमा किस रंग का चश्मा लगाते हैं ।

अभी हर शख़्स के घर का पता मालूम हैं इनको
सदन में जाके ये पूरा इलाका भूल जाते हैं ।

पुरानी साइकिल, हाथी, कमल, पंजा नया क्या है
हमें हर बार ये देखा हुआ सर्कस दिखाते हैं ।

हमारे वोट से संसद में नाकाबिल पहुँचते हैं
जो काबिल हैं गुनाहों से हमारे हार जाते हैं ।

वो साहब हैं उन्हें हर काम के ख़ातिर हैं चपरासी
हम अपना बोझ अपने हाथ से सिर पर उठाते हैं ।

तबाही देखते हैं वो हमारी वायुयानों से
हम दरिया में बिना कश्ती के ही गोता लगाते हैं ।

जो सत्ता में है वो सूरज उगा लेते हैं रातों को
हमारे घर दीये बस साँझ को ही टिमटिमाते हैं ।

भँवर में घूमती कश्ती के हम ऐसे मुसाफ़िर हैं
न हम इस पार आते हैं न हम उस पार जाते हैं ।

ये संसद हो गई बाज़ार इसके मायने क्या हैं
बिके प्यादों से हम सरकार का बहुमत जुटाते हैं ।
जयकृष्ण राय तुषार
About the poet

जयकृष्ण राय तुषार

View profile & all 56 Poems / Stories

More from जयकृष्ण राय तुषार

  1. सदी को सुन रहा हूँ मैं - जयकृष्ण राय तुषार

    पुराने वक़्त मेंलिखा जाता था--

    12.4K reads
  2. हम तो मिट्‌टी के खिलौने थे गरीबों में रहे - जयकृष्ण राय तुषार

    कोई पूजा में रहे कोई अजानों में रहेहर कोई अपने इबादत के ठिकानों में रहे

    12.4K reads
  3. मैं सूफ़ी हूँ दिलों के दरमियाँ ही प्यार करता हूँ - जयकृष्ण राय तुषार

    मैं सूफ़ी हूँ दिलों के दरमियाँ ही प्यार करता हूँमैं जिस्मानी मुह्ब्बत में कहाँ ऐतबार करता हूँ

    12.4K reads
  4. कोई भी रंग मेंहदी का हथेली पर नहीं होता - जयकृष्ण राय तुषार

    सलीका बाँस को बजने का जीवन भर नहीं होता ।बिना होठों के वंशी का भी मीठा स्वर नहीं होता ।।

    12.4K reads
  5. वो एक खत है - जयकृष्ण राय तुषार

    उसी के क़दमों की आहट सुनाई देती हैकभी-कभार वो छत पर दिखाई देती है

    12.4K reads