वो जिन लोगों को सपने बेचते हैं - जहीर कुरैशी

जहीर कुरैशीजहीर कुरैशी5 Sept 1950 – 20 Sept 2021

3 min read · 12.4K reads

वो जिन लोगों को सपने बेचते हैं
फिर उनको ही करिश्मे बेचते हैं

हों हेड और टेल जिनके एक जैसे
ठगों को हम वो सिक्के बेचते हैं

खुले बाज़ार की काली सदी में
अब आईनों को अन्धे बेचते हैं

है‍ जिनके मन में गहरी तिक्तताएँ
हमेशा व्यंग्य तीखे बेचते हैं

जो उड़ना चाहते हैं बिन परों के
पतंगें या परिंदे बेचते हैं

घटी विज्ञापनों से तारिकाएँ
कई चीज़ों को बच्चे बेचते हैं

ये कैसा दौर है जादूगरी का
मदारी को जमूरे बेचते हैं
जहीर कुरैशी
About the poet

जहीर कुरैशी

View profile & all 29 Poems / Stories