फिसलते पानी की पुकार - इंदुशेखर तत्पुरुष

इंदुशेखर तत्पुरुषइंदुशेखर तत्पुरुष9 Sept 1962

4 min read · 12.4K reads

जिस तरह सरपट
दौड़ती गाड़ी के ऐन सामने
अकस्मात् आये आदमी को देखकर
तत्काल भींच देता ब्रेक अचूक
चौकन्ना चालक

जिस तरह गहरे पानी में
डूबता आदमी झौंक देता
सारी की सारी ताकत
संपूर्ण छटपटाहट के साथ
बाहर निकल आने को

अब चाहिए उतना ही
चौकन्नापन, ताकत और छटपटाहट
सैंकड़ों बरस पहले कहे गये बाबा रहीम के
मोती-मानस-चून की खातिर
कि सब-कुछ सूना हो जाने से
बचाने के लिए।

कि अब किसी भी क्षण
मेरे संजीवनी हाथों से
छूटने वाली है वह विराट दिव्य चट्टान
जिससे फिसलते-फिसलते
पकड़ मेरी आठों अंगुलियों के
पहले पारों पर आ टिकी है
और मेरी उजली पगथलियों के नीचे
मुझको लीलने को मुंह खोले तैयार
अजगर सरीखी
तुम्हारी सभ्यता का मैला ढोती
नहरों का जाल बिछा है।
इंदुशेखर तत्पुरुष
About the poet

इंदुशेखर तत्पुरुष

View profile & all 16 Poems / Stories