लड़की - इन्दु जैन

इन्दु जैनइन्दु जैन

7 min read · 12.4K reads

गणित पढ़ती है ये लड़की
हिन्दी में विवाद करती
अंग्रेजी में लिखती है
मुस्कुराती है
जब भी मिलती है
गलत बातों पर
तन कर अड़ती
खुला दिमाग लिए
जिंदगी से निकलती है ये लड़की

अगर कल किसी ने कहा
धोखा दिया इसे जिंदगी ने
नहीं मानूंगी
क्यों खाया इसने धोखा
और सच्चाई का ये फल पाया!
तलाश में निकलूंगी
उस झूठ की
इसे साथ लेकर
रोने नहीं दूंगी
क्रोध एक ताकत है
उसे खोने नहीं दूंगी
मुट्ठी में लेता है जो फूल समझकर
डंग लगता है उसे
तो पहला उसका अपना दृष्टि-दोष
तब छद्म की चतुराई को
मुट्ठी की मसलन की सजा

तेजस्विता
एक पिछली हुई रोशनी है
दूर तक जाती
खुद के साथ-साथ
दूसरों को नहलाती
वह उजास
जिसमें दिन फूटता है
कली की तरह
बम की तरह फटता नहीं
जिसमें हालात
हावी नहीं
महज तयशुदा भावी नहीं
गीली मिट्टी से
रौंदे संवारे सुथराए जा सकते हैं
तेजस्विता अगर चाक नहीं
तो मूर्ति का प्रभा-मण्डल है
सुन्दर और निष्प्राण
जीते जागते इंसान के
सिर पर कसा शिकंजा
इतिहास उस वक्त
बिजली के झटके लगाता
कुंद करता
निष्प्रभ बनाता यंत्र मात्र रह जाता है

ये लड़की
हालात को हादसे बनने नहीं देगी
उम्मीद को बंजर जमीन पर
नहीं छिटकाया है मैंने
कितनी ही और भी तो हैं लड़कियां
नजर ने चुना है इसे
दृष्टि दोष होगा नहीं
होगा तो मानूंगी
धोखे की दुहाई नहीं देंगी
आंख को रोने नहीं देंगी!
इन्दु जैन
About the poet

इन्दु जैन

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like