किन्हीं रात्रियों में

इला कुमारइला कुमार1 Sept 1956

1 min read · 12.4K reads

किन्हीं रात्रियों में

जब अचानक हवा का वेग

किसी ख़ास पगध्वनि के बीच लरज़ उठता है

और मैं पोर्टिको के बग़ल वाली छोटी दीवार पर बैठी होती हूँ

मोटे खंभे से पीठ टिकाए हुए

बग़ल की क्यारियों में

डायंथस की बैंगनी और गुलाबी पंखुरियाँ फरफराती हैं

जरबेरा का मद्धम श्वेत पुष्प अपना मुँह

पृथ्वी की ओर थोड़ा झुका लेता है

मानो शर्म से

उसी समय

मेरे अंतर से जन्मती हुई आकांक्षा मुझे घेर लेती है

जानती हूँ तुम्हें ये कान सुन नहीं पाएँगे

इन आँखों की दृष्टि से परे हो तुम

तुम

मेरी समस्त इंद्रियों के महसूस से दूर हो जैसे

ठीक इसी समय

वह आकांक्षा साँप की तरह फहर कर लहरा उठती है

तनकर खड़ी हो जाती है

घास की नर्म हरी परत के ऊपर से लेकर

वहाँ आर्द्रा स्वाति नक्षत्रों के बीच तक

तुम्हें देखने महसूस कर पाने की अदम्य आकांक्षा

अपने समस्त सुंदर कोमल भावों के साथ

मैं

यहाँ

तुम्हारी प्रतीक्षा में

तुम्हारा आना महसूस करने की यह स्वप्रतीक्षित बेला

मुझे आमंत्रित करती है

तुम दृष्टि से दृष्टव्य नहीं

कानों से श्रोतव्य नहीं

त्वचा से स्पर्श के घेरे से दूर हो तुम

फिर भी

कैसे

किस भाँति

तुम मेरे अंदर हो

बाहर भी

इस अनाम गंध से पूरित वायु की भाँति

तुम मुझे चारों ओर से घेर लेती हो

उसके बाद

बिना भाषा

बिना शब्दों के कहते हो

यह मैं हूँ

हाँ

यही हूँ मैं!

इला कुमार
About the poet

इला कुमार

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like