वहाँ नीले गुंबद में आत्मनिर्वासित है भग्न शिखर।
पीली खिड़कियों की इमारत में उम्रक़ैद भोगती है गूँगी नदी।
उस रात जब नदी खाँस रही थी।
शहर भर में पीटा गया ढोल।
है कोई जो बताए आत्मनिर्वसित नीले गुंबदों को
गूँगी खिड़कियों तक जाने का रास्ता।
सुनते थे कभी यहाँ सुरंग थी।
अब नहीं है कोई नामोनिशान।
पहाड़ में घाटी तक जाने का रास्ता कोई नहीं जानता।
बर्फ़ की तरह गलता रहेगा,
घुलता रहेगा शैल शिखर, अपनी अकेली आग में।
लोगों का कहना है शायद अब कभी,
नदी नहीं खाँसेगी अपनी उम्र की झिर्रियों के पार।
कभी नहीं, शायद कभी नहीं।
लोग यही कहते थे।
लोग यही कहते हैं।








