यों वे मेरे आँगन आए

हरनाम सिंह नाज़हरनाम सिंह नाज़

1 min read · 12.4K reads

ज्यों भविष्य पाहुना बनकर

वर्तमान-ऊजड़-आँगन में

एक अल्प-झाँकी हित आए

यों वे मेरे आँगन आए

अनावृष्टि मारी धरती पर

मंद-मंद घिर आए बादल

बीज-भरी धरती को जैसे

स्वप्न हरित-सा कोई आए

उषा-समीरण का मृदु झोंका

धरती की दुखती काया से

चुभन चीस सब चुगता जाए

निज झोली में रखता जाए

सस्सी के छालों के नीचे

जाग पड़े ज्यों शीतल निर्झर

ज्यों फरहाद के तेशे सम्मुख

पर्वत स्वयंमेव हट जाए

देख थका-माँदा दिन जैसे

सांध्य-सुंदरी सेज बिछाए

ज्यों ऊषा की कर्णपटी तक

सुंदर किरण कोई लहराए

ज्यों विधवा की अर्ध-सुप्ति में

पुनर्मिलन की कोंपल फूटे

स्वप्न बीच आलिंगन पाकर

चूम-चूम निज नूर बढ़ाए

शत-शत युग आए औ’ बीते

तब वे मेरे आँगन आए

इंद्रपुरी की कोई अप्सरा

जैसे मर्त्यलोक अपनाए

आज मेरा गृह भाग्यशाली है

आज मेरा गृह स्वयंमपि मुखरित

आज मेरा गृह स्वयंमपि नाचे

आज मेरा गृह स्वयंमपि गाए

आज मेरे आँगन के अंदर

सदियों सोए चूड़े छनके

कोई मेघ समान चूनरी

प्राचीरों पर अब लहराए।

दुग्ध-धार गाई न कभी यों

भूरी भैंस न यों पनहाई

अंजुलि भर-भर माखन निकले

यों न किसी ने दूध हिलाए।

यों न कभी भी गेहूँ-बालियाँ

स्वर्ण-पायलों-जैसी छनकी

तारों-जैसे सुंदर दाने

यों न किसी ने ढेर लगाए

इसी धरती की गंध कोख से

ऐसी कभी न दुहिता जन्मी

सिंहों से बढ़कर बलशाली

किसने ऐसे सुत उपजाए?

वृद्धावस्था में न किसी ने

श्रम औ' रति का यों फल पाया

मधु-ऋतु सी पतझड़ यह कैसी

जिसके घने सघन हैं साए

अनुपम यह स्वप्नों का रोपन

अनुपम यह स्वप्नों का संचय

स्वप्नों की फसलों पर किसने

गाहे धान्य तथा ओसाए?

यह सपना है जीवन-जैसा

जीवन ही के योग्य स्वप्न यह

मेरी सबकी यही साध है

सच बनकर यह सपना आए

यों कोई मम आँगन आए।

हरनाम सिंह नाज़
About the poet

हरनाम सिंह नाज़

View profile & all 1 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डी