दिन - गुलाब सिंह

गुलाब सिंहगुलाब सिंह5 Sept 1944

3 min read · 12.4K reads

फूलों भरी हरी धरती से
झुककर कुछ कहते हैं दिन

कच्चा रेशम धूप हो गई
नदी दूध की धोई
रात चाँदनी झोपड़ियों के
गले लिपटकर रोई
पगडंडी के सूनेपन को
सुबह शाम सहते हैं दिन

सरसों के पीले पृष्ठों पर
हवा गीत गोविंद लिखे
रहकर मौन दर्द दोहराते
शीश झुकाएँ गाँव दिखे
बजते हैं बाँसुरी सरीखे
आँसू से बहते हैं दिन

सूखे अधर प्यास पथराई
नयन उरेहें सपने
पानी पत्थर बीच प्यार के
अँखुए लगे पनपने
शाकुन्तल सतसईं खोलकर
मोरपंख रखते हैं दिन
गुलाब सिंह
About the poet

गुलाब सिंह

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like