हिमालय और हम - गोपाल सिंह नेपाली

गोपाल सिंह नेपालीगोपाल सिंह नेपाली11 Sept 1911 – 17 Sept 1963

8 min read · 12.4K reads

गिरिराज हिमालय से भारत का कुछ ऐसा ही नाता है ।

(1)
इतनी ऊँची इसकी चोटी कि सकल धरती का ताज यही ।
पर्वत-पहाड़ से भरी धरा पर केवल पर्वतराज यही ।।
अंबर में सिर, पाताल चरण
मन इसका गंगा का बचपन
तन वरण-वरण मुख निरावरण
इसकी छाया में जो भी है, वह मस्‍तक नहीं झुकाता है ।
ग‍िरिराज हिमालय से भारत का कुछ ऐसा ही नाता है ।।

(2)

अरूणोदय की पहली लाली इसको ही चूम निखर जाती ।
फिर संध्‍या की अंतिम लाली इस पर ही झूम बिखर जाती ।।
इन शिखरों की माया ऐसी
जैसे प्रभात, संध्‍या वैसी
अमरों को फिर चिंता कैसी ?
इस धरती का हर लाल खुशी से उदय-अस्‍त अपनाता है ।
गिरिराज हिमालय से भारत का कुछ ऐसा ही नाता है ।।

(3)

हर संध्‍या को इसकी छाया सागर-सी लंबी होती है ।
हर सुबह वही फिर गंगा की चादर-सी लंबी होती है ।।
इसकी छाया में रंग गहरा
है देश हरा, प्रदेश हरा
हर मौसम है, संदेश भरा
इसका पद-तल छूने वाला वेदों की गाथा गाता है ।
गिरिराज हिमालय से भारत का कुछ ऐसा ही नाता है ।।

(4)

जैसा यह अटल, अडिग-अविचल, वैसे ही हैं भारतवासी ।
है अमर हिमालय धरती पर, तो भारतवासी अविनाशी ।।
कोई क्‍या हमको ललकारे
हम कभी न हिंसा से हारे
दु:ख देकर हमको क्‍या मारे
गंगा का जल जो भी पी ले, वह दु:ख में भी मुसकाता है ।
गिरिराज हिमालय से भारत का कुछ ऐसा ही नाता है ।।

(5)

टकराते हैं इससे बादल, तो खुद पानी हो जाते हैं ।
तूफ़ान चले आते हैं, तो ठोकर खाकर सो जाते हैं ।
जब-जब जनता को विपदा दी
तब-तब निकले लाखों गाँधी
तलवारों-सी टूटी आँधी
इसकी छाया में तूफ़ान, चिरागों से शरमाता है।
गिरिराज, हिमालय से भारत का कुछ ऐसा ही नाता है ।
गोपाल सिंह नेपाली
About the poet

गोपाल सिंह नेपाली

View profile & all 75 Poems / Stories

More from गोपाल सिंह नेपाली

  1. चरी - गोपाल सिँह नेपाली - कुमार घिसिङ

    जनता कि सेवा में जाने कितना दूध-दही।लिखो लाभ का पूरा ब्योरा, छोटी पड़े बही।

    12.4K reads
  2. दीपक जलता रहा रात भर - गोपाल सिंह नेपाली

    एकदुख की घनी बनी अँधियारी

    12.4K reads
  3. मैं विद्युत् में तुम्हें निहारूँ - गोपाल सिंह नेपाली

    मैं विद्युत् में तुम्हें निहारूँनील गगन में पंख पसारूँ;

    12.4K reads
  4. बहारें आएँगी, होंठों पे फूल खिलेंगे - गोपाल सिंह नेपाली

    बहारें आएँगी, होंठों पे फूल खिलेंगेसितारों को मालूम था, हम दोनों मिलेंगे

    12.4K reads
  5. तू चिंगारी बनकर उड़ री - गोपाल सिंह नेपाली

    तू चिंगारी बनकर उड़ री, जाग-जाग मैं ज्वाल बनूँ,तू बन जा हहराती गँगा, मैं झेलम बेहाल बनूँ,

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like