ज़िन्दगी ठहरी हुई नदी है - गीताश्री

गीताश्रीगीताश्री

4 min read · 12.4K reads

जिन्दगी ठहरी हुई नदी है
जिसकी देह में कौंध रही है अनगिन बिजलियाँ
उसके माथे पर इतने शिकन कि लकीरे गिनने का काम छोड़ कर
बैठ गई हूँ एक छोर पर
छिन गए हैं हाथ से सारे कंकड़-पत्थर
हथेलियों की आग सेरा गई है
पानी की सतह पर झुकी हुई झाड़ियो की पत्तियाँ और टहनियाँ
मेरी शिराओ सी फैल रही हैं नदी की देह मे
थोड़ी देर में मैं सब छोड़ कर उठ जाऊँगी यहाँ से
अब मेरे लिए यहाँ कोई काम नहीं बचा
सब कर रहे हैं अपने हिस्से का काम
नदी धँस रही है अपने भीतर
पत्थर खोज रहे हैं अपनी आग
बिजलियों को चाहिए कोई आकाश
टहनियों को चाहिए पानी की देह
सबको चाहिए अपनी जगह
पृथ्वी के सबसे बेकार हिस्से की खोज में
मैं भी लग गई हूं काम में
मुझे मिल नहीं रही वो जगह
जिसे उठा सकूँ शहर के छोर पर रखे समय के कूड़ेदान से
गीताश्री
About the poet

गीताश्री

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like