ठोसलैंड की सैर - गिरधर राठी

गिरधर राठीगिरधर राठी13 Sept 1946

5 min read · 12.4K reads

कुछ ठोस मुद्दों पर कुछ ठोस रोशनी गिरी
हवाई सवालों को
हवाई जवाब ले उड़े

काल्पनिक सिर
अब ठोस हाथों में था

कुछ ठोस `निचुड़ा´
ठोस चीज़ों पर ठोस
सोचना था

ग़नीमत थी कि हवा अनहद ठोस नहीं थी
और हम सब जो थे साँस ले सकते थे
आँख को भी थोड़ी राहत थी-
ठोस रही, इधर-उधर घूम सकी।

भूख क़तई ठोस थी
उस पर दिल्लगी बुरी होती
हल्की-फुल्की दिल्लगी खासकर बुरी

वह ठोस खाती रही
मछली की मछली को आदमी की आदमी को
आदमी की भूख मछली और आदमी दोनों को

सिलसिला कुछ इतना ठोस
कि पूरे प्रवास में
कुछ और न हो पाता

मगर ठोस पेट ने ठोस `ना´ कर दी
सैर यह अलहदा थी
फिर भी अवशेष थे

प्रस्ताव - ठोस - आया ।
ठोस किस्म का ठोस प्रस्ताव था
ठोस प्रेम करना था, करना भी ठोस
ठोस वह लड़की, ठोस ही लड़का

प्रिय ठोस पाठक,
आँखों को साँसों को राहत थी
मगर शब्द -
वे इतने ठोस थे
कि ठोस कान के परदे
कुछ ठोस टुकड़ों में बिखर गए।

सनद रहे!
हम नहीं लौटे
लौटना ठोस अगर होगा
तो लौटेंगे।
गिरधर राठी
About the poet

गिरधर राठी

View profile & all 29 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like