नौकरी एक चुड़ैल

घनश्याम कुमार देवांशघनश्याम कुमार देवांश2 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

नौकरी मेरी पीठ पर लदकर घर चली आती है

वह मेरे साथ सोफ़े पर पसर जाती है

जब मेरी उँगलियाँ जूतों के फीते टटोलती हैं

वह एक चुड़ैल की तरह मेरी आत्मा में उतर जाती है

वह मेरे पैर की पिंडलियों में मोज़ों के दबाव वाले

गहरे गोल चकत्ते बनाती है

उस वक़्त मैं अपने पैर चूमना चाहता हूँ

लेकिन मेरे होंठ वहाँ तक नहीं पहुँचते

चुड़ैल शामियाने ढहाने वाले

कुशल मज़दूर की तरह

मेरे शरीर का हर मोड़ ढीला करती जाती है

और मैं सोफ़े में धँसता चला जाता हूँ

सहसा सोफ़ा एक क़ब्र हो जाता है

मैं डर से चीख़ता हूँ

मेरी बीवी किचन से

पानी का गिलास छोड़कर दौड़ती है

बिटिया बालकनी से स्कूल डायरी

फेंककर भागती है मेरी तरफ़

वे मुझे समेट लेते हैं

चुड़ैल अपने काले पंख पसारे उड़ जाती है

और जाकर बिजली के खँभे पर उल्टा लटक जाती है

डिनर के प्राइम टाइम में

एक कोरस बजता है जिसमें एक सरदार वाहियात

चुटकुलों पर आँखें भींचकर ठहाके लगाता है

एक अभी-अभी पैदा हुआ युद्धा

अपने पिता के साम्राज्य को बचाने की तरकीबें गढ़ता है

और एक मॉडल अपने शरीर को चमकदार

और मुलायम बनाए रखने के नुस्ख़े बताती है

इस सबसे अलग मेरी बिटिया

मेरी रीढ़विहीन पीठ पर बैठकर पूरी दुनिया का

एक चक्कर लगाना चाहती है

जबकि मेरी बीवी मेरे सीने पर

अपना चेहरा धँसाकर मुझसे अपना दिन बाँटना

चाहती है

लेकिन चुड़ैल खँभे से तयशुदा

समय पर उतर आती है

और लाल हरी बत्तियों के रूप में

जगमगाती है एक चेतावनी की तरह

मैं घबरा जाता हूँ

बीवी का हाथ कंधे से और बिटिया का सिर अपनी गोद से

हटा देता हूँ

मैं आधी-आधी रात जागता हूँ

चुड़ैल को अपनी गोद में सँभाले

मैं उसे रात के तीसरे पहर तक साधना सीखता हूँ

हर रोज़ ज़िंदा रहने के लिए।

घनश्याम कुमार देवांश
About the poet

घनश्याम कुमार देवांश

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like