तब तुम समझोगी पाषाणी - घनश्याम चन्द्र गुप्त

घनश्याम चन्द्र गुप्तघनश्याम चन्द्र गुप्त2 Sept 1946

6 min read · 12.4K reads

जीवन के फेनिल समुद्र में उठता ज्वार किसे कहते हैं
मृदु मनुहार किसे कहते हैं, अमृतधार किसे कहते हैं
प्रियतम के स्वागत में सजती बन्दनवार किसे कहते हैं

आंकोगी जब मूल्य अश्रु का, पदचिन्हों को दोहराओगी
तब तुम समझोगी पाषाणी, पागल प्यार किसे कहते हैं

रूप चाँद सा, सूरज सा है, धीरे-धीरे ढल जायेगा
रूप पाहुना है दो दिन का, आज नहीं तो कल जायेगा
रूप मोम की गुड़िया जैसा, छांव तले तो महक-बहक ले
भरी दुपहरी गर्म रेत में पांव पड़े तो गल जायेगा

रूप न होगा जब चंदा सा, सूरज सा, मोमी गुड़िया सा
तब पहचानोगी सपनों का राजकुमार किसे कहते हैं

कोलाहल में लुप्त हो गये, कैसे मूक हमारे स्वर थे
बनते ही सत्वर मिट जाने वाले अक्षर क्या अक्षर थे
प्रश्न-चिन्ह सी देहगन्ध आनाकानी करती आंगन में
अनायास बन जाने वाले क्या संबंध सभी नश्वर थे

सत्य सनातन, प्रीति पुरातन, अन्तर में जब लख पाओगी
तब तुम जानोगी कल्याणी, प्रत्युपकार किसे कहते हैं

ठोकर लग जाने के भय से मैं पथ से हट जाऊंगा क्या
कटु सत्यों से बच, मिथ्या माया की टेक लगाऊंगा क्या
क्या मैं अपनी भाषा-परिभाषा से समझौता कर लूंगा
ऊब अकेलेपन से भीड़-भड़क्के में खो जाऊंगा क्या

ढूंढोगी जब घर-आंगन में, वन-उपवन में, नगर-गाँव में
देखोगी उन्मुक्त प्राण का मुक्त विहार किसे कहते हैं
घनश्याम चन्द्र गुप्त
About the poet

घनश्याम चन्द्र गुप्त

View profile & all 12 Poems / Stories

More from घनश्याम चन्द्र गुप्त

  1. तुम असीम - घनश्याम चन्द्र गुप्त

    रूप तुम्हारा, गंध तुम्हारी, मेरा तो बस स्पर्श मात्र हैलक्ष्य तुम्हारा, प्राप्ति तुम्हारी, मेरा तो संघर्ष मात्र है

    12.4K reads
  2. समोसे - घनश्याम चन्द्र गुप्त

    बहुत बढ़ाते प्यार समोसेखा लो, खा लो यार समोसे

    12.4K reads
  3. अर्द्ध-उन्मीलित नयन - घनश्याम चन्द्र गुप्त

    अर्द्ध-उन्मीलित नयन, स्वप्निल, प्रहर भर रात रहतेअधर कम्पित, संकुचित, मानो अधूरी बात कहते

    12.4K reads
  4. मुझे आपसे प्यार हो गया - घनश्याम चन्द्र गुप्त

    मुझे आप से प्यार हो गयामुझे आप से प्यार हो गया

    12.3K reads
  5. मुझे आपसे प्यार नहीं है - घनश्याम चन्द्र गुप्त

    मुझे आपसे प्यार नहीं हैमुझे आपसे प्यार नहीं है

    12.4K reads