परों का जब कभी - गौतम राजरिशी

गौतम राजऋषिगौतम राजऋषि10 Sept 1975

4 min read · 12.4K reads

परों का जब कभी तूफ़ान से यूँ सामना निकला
कि कितने ही परिंदों का हवा में बचपना निकला

गली के मोड़ तक तो संग ही दौड़े थे हम अक्सर
मिली चौड़ी सड़क जब,अजनबी वो क्यूं बना निकला

न जाने कह दिया क्या धूप से दरिया ने इतरा कर
कि है पानी का हर कतरा उजाले में छना निकला

मसीहा-सा बना फिरता था जो इक हुक्मरां अपना
मुखौटा हट गया,तो कातिलों का सरगना निकला

जरा खिड़की से छन कर चांद जब कमरे तलक पहुँचा
दिवारों पर तिरी यादों का इक जंगल घना निकला

दिखे जो चंद अपने ही खड़े दुश्मन के खेमे में
नसों में दौड़ते-फिरते लहू का खौलना निकला

....और अंत में एक शेर उन्नी तेरे लिये

चिता की अग्नि ने बढ़ कर छुआ था आसमां को जब
धुँयें ने दी सलामी,पर तिरंगा अनमना निकला

{त्रैमासिक शेष, जुलाई-सितम्बर 2009 / गर्भनाल 49 अंक}
गौतम राजऋषि
About the poet

गौतम राजऋषि

View profile & all 29 Poems / Stories