ज़ाहिर दो-रंगी-ए-चमन-ए-रोज़गार है

फ़ाख़िर लखनवीफ़ाख़िर लखनवी

2 min read · 12.4K reads

ज़ाहिर दो-रंगी-ए-चमन-ए-रोज़गार है

दो दिन ख़िज़ाँ है बाग़ में दो दिन बहार है

जामा गुलों का हिज्र में शब तार-तार है

बुलबुल असीर-ए-दाम है क़ुमरी शिकार है

उन की सफ़ाइयों का किसे ए'तिबार है

दिल में ब-शक्ल-आइना जिन के ग़ुबार है

ग़ुंचे शगुफ़्ता होते हैं नालाँ हज़ार है

बुलबुल की है ख़िज़ाँ तो गुलों की बहार है

हाथों उछल रहा है जिगर इज़्तिरार है

क्या बे-क़रार आज दिल-ए-बे-क़रार है

मरने पे भी शिकस्ता-दिली आश्कार है

बिक्सा हुआ चहार तरफ़ से मज़ार है

करवट इधर-उधर की बदलना मुहाल है

बेताब दिल मिरा है जिगर बे-क़रार है

आशिक़ से कजरवी न करे क्यों वो माह-वश

सीधा किसी से कब फ़लक-ए-कज-मदार है

मक़्तल में ज़ख़्मियों को हो पानी की ख़ाक चाह

तेग़-ए-निगाह-ए-यार बड़ी आब-दार है

पानी की तरह साफ़ हैं ज़ाहिर में ये हसीन

बातिन में शक्ल-ए-आइना लेकिन ग़ुबार है

आँखों में आ के जान निकलती नहीं मिरी

कुछ मौत से भी सख़्त शब-ए-इंतिज़ार है

कुछ बन गई है मेरे कबूतर पे राह में

आँखों को इंतिज़ार है दिल बे-क़रार है

अबरू-ए-यार से ये पसीना है कब रवाँ

जारी सबील-ए-आब-ए-दम-ए-जुल्फ़िक़ार है

ज़ुल्म इन बुतों के तुझ पे रहेंगे यूहीं सदा

ऐ दिल यही मशिय्यत-ए-परवरदिगार है

क्या पूछते हो दिल मिरा लेने को ऐ बुतो

गो जब्र है पे ख़ैर तुम्हें इख़्तियार है

बे-वज्ह ज़लज़ला नहीं आया जहान में

शायद किसी का क़ब्र में दिल बे-क़रार है

शक़ जा-ब-जा से हो गया संग-ए-सर-ए-लहद

यूँ बे-क़रार आज दिल-ए-बे-क़रार है

क्यूँकर न खाऊँ कोह-ओ-बयाबाँ की ठोकरें

बंदा-नवाज़ दिल पे किसे इख़्तियार है

इक संग-दिल लहद का मिरे संग ले गया

अफ़सोस बे-निशान हमारा मज़ार है

मदफ़न मिरा बना के रक़ीबों से ये कहा

जो मुझ पे मर गया है ये उस का मज़ार है

मंज़ूर वस्ल है तो करो आज ही क़ुबूल

दुनिया में ज़िंदगी का किसे ए'तिबार है

नादिम हूँ मैं तो अपने गुनाहों पे ऐ करीम

अब बख़्शे या न बख़्शे तुझे इख़्तियार है

जाँ-कंदनी में देख के पूछा किसी से यूँ

ये वक़्त-ए-नज़अ' है कि दम-ए-एहतिज़ार है

आहिस्ता रक्खो क़ब्र पे ऐ रहरवो क़दम

है पाश-पाश दिल तो कलेजा फ़िगार है

रुख़्सत को मैं मुसिर जो हुआ हँस के ये कहा

जाते हो गर तो जाओ तुम्हें इख़्तियार है

आते हैं वो कभी जो मिरी क़ब्र की तरफ़

ठुकरा के पूछते हैं ये किस का मज़ार है

क्यूँकर मिज़ाज में न हो 'फ़ाख़िर' के इंकिसार

ख़ादिम अबू-तुराब का है ख़ाकसार है

फ़ाख़िर लखनवी
About the poet

फ़ाख़िर लखनवी

उपनाम : 'फ़ाख़िर' मूल नाम : नवाब सयय्द असग़र हुसैन ख़ान जन्म : लखनऊ, उत्तर प्रदेश निधन : कराची, सिंध संबंधी : साहिर लखनवी (पोता)

View profile & all 14 Poems / Stories