हमारा कबूतर - दिविक रमेश

दिविक रमेशदिविक रमेश28 Sept 1946

3 min read · 12.3K reads

रह तो बहुत दिनों से रहा है कबूतर
शॉफ़्ट के एक कोने में
हमारे घर की ।
और उसका परिवार भी
जब-तब फड़फड़ा लेता है पंख ।
और संगीत
कुछ देर थमा रह जाता है
गुसलख़ाने में
अटका
खिड़की के आस-पास ।

उस दिन बतिया रहा था कबूतर
घर के बाहर
पार के पेड़ पर
किसी कबूतर से ।

मैंने सुना
और ध्यान से सुना
कह रहा था चलते समय—
आना कभी हमारे घर ।

सुन कर मुझे अच्छा लगा था
और मान लीजिए चाहे बाक़ी सब गप्प
पर
पहली बार लगा था
कबूतर हमारा है
और घर कबूतर का भी ।
दिविक रमेश
About the poet

दिविक रमेश

View profile & all 162 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like