आओ चलें घूम लें हम भी - दिविक रमेश

दिविक रमेशदिविक रमेश28 Sept 1946

5 min read · 12.4K reads

छुट्टियों के आने से पहले
हम तो लगते खूब झूमने।
कह देते मम्मी-पापा से
चलो चलो न चलो घूमने।

बहुत मज़ा आता है जब जब
हमें घूमने को है मिलता।
कभी इधर तो कभी उधर हम
चलें घूमने मन यह करता।

कभी करे मन गांव चलें हम
फसलें जहां मस्त लहरातीं।
हरे भरे पेड़ों पर बैठीं
झूम झूम चिड़ियां हों गातीं।

कभी करे मन जाकर दिल्ली
मैट्रो जी की सैर करें हम।
और आगरा जाकर देखें
ताजमहल की सुन्दरता हम।

अगर देखना हवा महल तो
जयपुर हमको जाना होगा।
और पहाड़ देखने हों तो
शिमला हमकॊ जाना होगा।

सुन्दर सागर और तट उनके
गोवा में जाकर देखेंगे।
चेरापूंजी में जाकर हम
मेघों का सागर देखेंगे।

कितना बड़ा देश है अपना
घूम घूम कर हम देखेंगे।
डोसे, इडली, रसगुल्लों के
शहर घूम कर हम देखेंगे।

जब भी नई जगह जाते हैं
नया नया सबकुछ क्यों दिखता?
धरती नई, नई वस्तुएं
नया नया अनुभव क्यों मिलता?
दिविक रमेश
About the poet

दिविक रमेश

View profile & all 162 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like