शब्द - दिनेश्वर प्रसाद

दिनेश्वर प्रसाददिनेश्वर प्रसाद4 Sept 1932

4 min read · 12.4K reads

मैंने रेशमी वस्त्र पहने शब्दों को
        नमस्कार कर दिया है
अपनी हड्‍डियों से दस गुना अधिक जगह
        घेरनेवाले शब्दों को
अपने दरवाज़े से बाहर कर
कभी नहीं आने को
        विदा कह दिया है

मैने खोखली हँसी और नकली आँसू
और चार तह पाउडर वाले शब्दों को
तक तक प्रतीक्षा करने को कहा है
जब तक आदमीयत
खोखली न हो जाए

मैंने आदिम, बर्बर, रोयेंदार शब्दों को
गँजे शब्दों को
        बुलाया है

और चिथड़ों में लिपटे, सीलन भरे कमरों में बन्द
        गन्दे शब्दों को
मैंने बारूदी, फौलादी शब्दों को
        खुले कण्ठ से पुकारा है
और इन सबसे, इन सबसे
कह दिया है —

आओ, मेरी दुनिया में छा जाओ
ताकि चट्टानें हिल उठें
और दीवारें टूट जाएँ !

(1965)
दिनेश्वर प्रसाद
About the poet

दिनेश्वर प्रसाद

View profile & all 54 Poems / Stories