वही व्यक्ति शिव होता है - डी. एम. मिश्र

डी. एम. मिश्रडी. एम. मिश्र15 Sept 1950

16 min read · 12.4K reads

माटी को जो सोना बोले उस पर क्या कविता लिखना
बालू को चाँदी से तौले उस पर क्या कविता लिखना
सबसे ऊपर गाँव को रक्खे उस पर क्या कविता लिखना
गाँव के ही जो सपने देखे उस पर क्या कविता लिखना।

पाथर को ‘शिवमूरत’ समझे उस पर क्या कविता लिखना
सब में उसी की सूरत देखे उस पर क्या कविता लिखना
अंदर -बाहर एक तरह हो उस पर क्या कविता लिखना
समतल -समतल एक सतह हो उस पर क्या कविता लिखना।

धरती -सा जो अति विनम्र हो उस पर क्या कविता लिखना
अपने आप में जो समग्र हो उस पर क्या कविता लिखना
अम्बर -सा जो समद्रष्टा हो उस पर क्या कविता लिखना
इतना बड़ा जो खुद स्रष्टा हो उस पर क्या कविता लिखना।

कविता लिखो महीपतियों पर दुनिया वाले कहते हैं
या सुरलोक के अधिपतियों पर दुनिया वाले कहते हैं
या फिर किसी बड़ी हस्ती पर दुनिया वाले कहते हैं
या फिर छलक रही मस्ती पर दुनिया वाले कहते हैं।

पर,वो शायद भूल रहे हैं उलटी गंगा नहीं बहे
रचनाकार हमेशा ऐसे दरबारों से दूर रहे
कलम शस्त्र बनकर उठता है तब वो अच्छा लगता है
अस्त्र की तरह जब चलता है तब वो अच्छा लगता है।

लेखक का किरदार बड़ा हो तब वो अच्छा लगता है
देवदार की तरह खड़ा हो तब वो अच्छा लगता है
सिंधु की तरह लहराता हो तब वो अच्छा लगता है
व्योम की तरह छा जाता हो तब वो अच्छा लगता है।

भाषा का वो जादूगर हो तब वो अच्छा लगता है
भावों का गहरा सागर हो तब वो अच्छा लगता है
पर, वो इक आईना -सा हो तब वो अच्छा लगता है
बिल्कुल ‘शिवमूरत’ जैसा हो तब वो अच्छा लगता है।

‘शिवमूरत’ का कलम उठे तों सोया हुआ किसान उठे
दो धुर भूमि नहीं जिसके उसका भी सकल जहान उठे
‘शिवमूरत’ का कलम उठे तो सामन्तों का दुर्ग ढहे
‘विमली’ और ‘शनीचरी’ की आँखों से कभी न नीर बहे।

‘शिवमूरत’ का कलम उठे ‘केशर -कस्तूरी’ महक उठे
‘लालू की माई’ की जीवन बगिया फिर से लहक उठे
‘सुरजी’ के उर की पीड़ा को ‘शिवमूरत’ ने शब्द दिया
‘पहलवान’ की असह्य ग्लानि भी मन ही मन में सहन किया।

‘शिवमूरत’ का कलम उठे तों ‘रजपतिया’ को शक्ति मिले
व्यथित ‘पियारे’ को भी मानो ‘तर्पण’ करके मुक्ति मिले
शीश उठाकर जीना है तो असुरों से लड़ना होगा
कर में, धारणकर ‘त्रिशूल’ हम सबको शिव बनना होगा।

शिवमूरत’ का कलम उठे तो श्रमिकों का सम्मान बढ़े
 ‘कुच्ची का कानून ’ बने तो महिलाओं की शान बढे
 सत्ता के गलियारे में लहराये ‘जग्गू’ का परचम
 जो था कभी ‘कसाई ठाकुर’ अब उसमें रह गया न दम।

‘शिवमूरत’ का कलम उठे तो ‘ज्ञान’ न यों ठोकर खाये
 जो समाज का दुश्मन है मैदान छोड़कर हट जाये
 ‘शिवमूरत’ का कलम उठे तो एक नया परिवर्तन हो
 आपस का सद्भाव बढे, खुशहाल सभी का जीवन हो।

 ‘शिवमूरत’ की रचनाएँ इसलिए सराही जाती हैं
 वर्तमान के साथ-साथ वो कल के स्वप्न सजाती हैं
 बोली - बानी की भाषा अद्भुत मिठास से भर देती
 मस्त हवा भी अपना आँचल खुशबू से तर कर लेती।

 ‘शिवमूरत’ नें शुष्क विटप में भी चेतनता लायी है
 ‘शिवमूरत’ नें आँधी को भी लेकिन दिशा दिखायी है
 मजलूमों के हक में उनकी जंग निरन्तर जारी है
 एक मोरचा फतह हुआ तो अगले की तैयारी है।

 कवि ‘कुरंग’ की उर्बरता के आगे शीश झुकाता है
 सृजन जहाँ अॅगडाई ले साहित्य-धाम बन जाता है
 कवि उसको ही नमन करे जो सबको राह दिखाता है
 करता है आसान सफर जो मंजिल तक ले जाता है।

 कालजयी जो होता है उसका अवसान नहीं होता
 राज दिलों पर करता है जो उसका अंत कहीं होता
 कोई पुष्प बिछाता चलता, कोई काँटे बोता है
 बढ़कर गरल उठा लेता जो व्यक्ति वही शिव होता है।
डी. एम. मिश्र
About the poet

डी. एम. मिश्र

View profile & all 112 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय