मेरी सुबहों मेरी शामों पे बुलडोज़र चला देगा - डी. एम. मिश्र

डी. एम. मिश्रडी. एम. मिश्र15 Sept 1950

4 min read · 12.4K reads

मेरी सुबहों मेरी शामों पे बुलडोज़र चला देगा
वो ज़ालिम है तो क्या यादों पे बुलडोज़र चला देगा

कहाँ सोचा था दिल देने से पहले बेवफ़ा होगा
मेरा महबूब अरमानों पे बुलडोज़र चला देगा

सजाये रात भर सपने मगर यह खौफ़ था हावी
कोई सूरज सुबह ख़्वाबों पे बुलडोज़र चला देगा

नज़र उसकी गड़ी रहती मेरी गाढ़ी कमाई पर
यही डर है वो फिर नोटों पे बुलडोज़र चला देगा

अगर राजा हुआ सनकी तो क्या होगा रिआया का
सरों को काटकर लाशों पे बुलडोज़र चला देगा

ग़रीबों की मदद के शोर में डूबे रहेंगे हम
कोई धनवान झोपड़ियों पे बुलडोज़र चला देगा

किसी माँ-बाप की बेटे से क्या होती यही ख़्वाहिश
बड़ा होकर वो उम्मीदों पे बुलडोज़र चला देगा
डी. एम. मिश्र
About the poet

डी. एम. मिश्र

View profile & all 112 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like