दिल से जो लफ़्ज निकले उसे प्यार बना देना - डी. एम. मिश्र

डी. एम. मिश्रडी. एम. मिश्र15 Sept 1950

3 min read · 12.4K reads

दिल से जो लफ़्ज निकले उसे प्यार बना देना
पर आँख से जो बरसे अंगार बना देना

तन्हा हूँ निहत्था हूँ घर से निकल पड़ा हूँ
ईमान को मेरे अब हथियार बना देना

दुनिया से दुश्मनी का नामोनिशाँ मिटा दूँ
तिनका भी उठाऊँ तो तलवार बना देना

चाँदी की तरह चमके सोने की तरह दमके
मेरे खुदा मेरा वो किरदार बना देना

भूखा न कोई सोये प्यासा न कोई तड़पे
मेरी दुआ को या रब दमदार बना देना

हमको पता नहीं है चलती है लेखनी कब
जज़्बात को हमारे उद्गार बना देना

कश्ती उतार दी है दरिया में तेरे दम पर
तूफ़़ान को भी मौला पतवार बना देना
डी. एम. मिश्र
About the poet

डी. एम. मिश्र

View profile & all 112 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like