महामारी फैल रही है चीन के वुहान से
नफ़रत फैल रही है किसी दीन के मकान से
घृणा किसी धर्म की दुकान से
शासक कह रहे हैं—
सब बच जाएँगे अपने घरों में छिप जाने से
कोई तो सोच रहा होगा—
मन में छिपी दुश्मनी से कैसे बच पाएँगे
कौन जाने कब निकल पड़ें वे घर के बाहर
जो बेघर हैं, वे कैसे अपनी जान बचाएँगे महामारी और नफ़रत से
अपने ही हाथों में छिपे
किसी अदृश्य विषाणु से बचने के लिए
बार-बार साबुन से हाथ धो रहे हैं लोग
छिपी हुई दुश्मनी से बचने के लिए भी
धोना पड़ता है अपना मन
बचाना पड़ता है उसे परनिंदा के पाप से
पाप धोने का साबुन नहीं बना
वे सदियों से धोए जाते रहे हैं—
किसी चौपाई से, किसी रुबाई से
दुनिया के सब कवियों की कविताई से








