मन चलने लगता है लोगों साथ

ध्रुव शुक्लध्रुव शुक्ल11 Sept 1953

1 min read · 12.4K reads

तन घर में

मन बेघर होकर भटक रहा है बाहर

मन चलने लगता है उन लोगों के साथ

जो सिर पर रखे पोटली भारी

मीलों पैदल चले आ रहे शहर छोड़कर

उनके पाँवों में छाले हैं

उनको रोटी के लाले हैं

लौट रहे अपने गाँवों की ओर

उनके पीछे मौत पड़ी है

मन चलने लगता है उन लोगों के साथ

जो पीस-पीसकर अपना जीवन

दो पाटों के बीच

डूबे रहते इस चिंता में

सब अपने घर कैसे लौटें

उनके पीछे मौत पड़ी

मन चलने लगता है उन लोगों के साथ

जो भाग रहे हैं अपने घर से

बचते फिरते अपने डर से

गलियाँ भरी हुई नफ़रत से

अपने घर वे कैसे लौटें

उनके पीछे मौत पड़ी है

ध्रुव शुक्ल
About the poet

ध्रुव शुक्ल

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like