एक फ़ासिस्ट को हम किस तरह से देखें - देवी प्रसाद मिश्र

देवीप्रसाद मिश्रदेवीप्रसाद मिश्र18 Sept 1958

5 min read · 12.4K reads

एक फ़ासिस्ट को हम किस तरह से देखें

समाचार की तरह
नरसंहार की तरह
या हार की तरह
मिथक की तरह
या कत्थक की तरह

एक फ़ासिस्ट को हम किस तरह से देखें
कि पहले गृहमन्त्री की तरह
फिर खनन मन्त्री की तरह
और फिर यन्त्रणा कैम्प के सन्तरी की तरह

एक फ़ासिस्ट को हम किस तरह से देखें
कि वह चाय पीता दिख जाए
और यह उसकी मनुष्यता का अन्यतम इजहार हो

एक फ़ासिस्ट को हम किस तरह से देखें
क्या इस तरह कि घृणा भीड़ में बदलती है
और भीड़ जनमत में
क्योंकि डरना एक विचार है
और डराना एक विचारधारा
और हत्या के आदेश देना राज्य-नीति

एक फ़ासिस्ट को हम
करोड़ों के इमेज मेकओवर के बाद
मुखौटों की विनम्रताओं को हटाकर
किस तरह से देखें कि वह दिखे

कि हम देखते हुए दिखें
कि देखो वह दिखा

एक फ़ासिस्ट को हम किस तरह से देखें कि
हम दिखे हुए को
न दिखा हुआ
न देखें
देवीप्रसाद मिश्र
About the poet

देवीप्रसाद मिश्र

View profile & all 60 Poems / Stories