सूरज ओ ! - देवेन्द्र कुमार

देवेन्द्र कुमार बंगालीदेवेन्द्र कुमार बंगाली18 Sept 1933 – 18 Sept 1991

3 min read · 12.4K reads

मेरे द्वारे उतरो
सूरज ओ !

कैसे घर बादल से छाएँ
रह-रह कर टूटती हवाएँ
हाथ छुड़ा पीछे को भागतीं
मेरे हिस्से पड़ी दिशाएँ

तुम भी ऐसा न करो
सूरज ओ !

आए हो सागर को लाँघ के
मैं हुआ निहाल तुम्हें माँग के
सुख-भरी उदासी यह शाम की
लाए हो, ले जाना टाँग के
चाँद की क़सम
ठहरो
सूरज ओ !

मेरे द्वारे उतरो
सूरज ओ !

मौसम का साथ दिया
डाल ने
पेड़ लगे पत्तियाँ
उछालने
हाथ लगी किरणों की डोरियाँ
आ तुम्हें झुलाऊँ
धूप-पालने

बैठो कुछ बात करो
सूरज ओ !

मेरे द्वारे उतरो
सूरज ओ !
देवेन्द्र कुमार बंगाली
About the poet

देवेन्द्र कुमार बंगाली

View profile & all 53 Poems / Stories