आज फिर मुझको अकेला - देवेन्द्र कुमार

देवेन्द्र कुमार बंगालीदेवेन्द्र कुमार बंगाली18 Sept 1933 – 18 Sept 1991

2 min read · 12.4K reads

झर गए पत्ते
आज फिर मुझको अकेला
कर गए पत्ते।

एक टहनी सूखकर काँटा हुई
अभी तक क्या थी, और —
अब क्या हुई !
ज़िन्दगी के
आर-पार
बिखर गए पत्ते।

इक्का-दुक्का
रह गई हैं पत्तियाँ
मुँह पर जैसे भिनभिनाती
मक्खियाँ
आग को पाकर अचानक
बर गए पत्ते।

अफनती नदियाँ
सुलगते साल वन
सोच में डूभा हुआ काला हिरन
क्या, कहा कि —
अन्धेरे से
डर गए पत्ते।
देवेन्द्र कुमार बंगाली
About the poet

देवेन्द्र कुमार बंगाली

View profile & all 53 Poems / Stories