हमारे मन

चित्रा सिंहचित्रा सिंह

1 min read · 12.4K reads

हमारे मन हमारी अतृप्त इच्छाओं के

तहख़ाने है

मैं रोज़ नंगे पाँव

जिसकी धूल भरी सीढ़ियाँ चढ़ती और उतरती हूँ

मैं उनके शरीर को बाँधकर किसी

पवित्र नदी में नहीं बहाती

ना ही लटकाती किसी बूढ़े वृक्ष की जटाओं से मैं उन्हें

मैं उन्हें काग़ज़ की पुड़िया में लपेटकर

किसी आलेदान में भी नहीं छिपाती

ना ही बच बचाकर अँधेरों में

उन पर कभी दिया जलाती।

मेरे द्वारा की गई प्रार्थनाओं में

मेरी किसी अधूरी इच्छा ने

हिस्सा नहीं लिया।

मेरे मज़बूत हाथ हर दिन

मेरी एक इच्छा की बाँह पकड़ते हैं।

पाते ही जो मेरी हँसी का

राहत भरा स्पर्श

ख़ुद-ब-ख़ुद तृप्त हो जाती है।

चित्रा सिंह
About the poet

चित्रा सिंह

View profile & all 29 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like