विकास हो रहा है बल - चिन्तामणि जोशी

चिन्तामणि जोशीचिन्तामणि जोशी3 Sept 1967

5 min read · 12.4K reads

कट रहे हैं जंगल
क्यूंकि कट रही है सड़क
उड़ रही है धूल
क्यूंकि उड़ रही हैं चट्टानें
डायनामाइट से
हिल रहे हैं पहाड़
बुलावा दे रहा है तबाही को
घाटियों से उठता हुआ गुबार
बचा रहा है मनुष्य पेशीय बल
विकास हो रहा है बल

कट रही हैं लड़कियां
क्यूंकि कट रही हैं गर्भ की दीवारें
अल्ट्रा ध्वनि से
विज्ञान दृष्टि भटकी
गड्ड-मड्ड संतुलन
आंखों में गिद्ध घुस आये हैं
पिट रही है इंसानियत
घिस-पिट चुके संस्कार
चरम पर है बाजार का बल
विकास हो रहा है बल

कट रहे हैं दिन
अपने कल्लू किसान के
क्यूंकि कट गया है
उसका अकेला बचा खेत
चंद रुपयों की एवज में
बहाता था पसीना अच्छा खासा
उगाता था सुबह-शाम आशा
उसके ढाबे के पास से गुजरती है अब
नौ फिटा कंक्रीट की सड़क
धूल फांकता, ताकता रहता है
आती-जाती, उनकी चमचमाती कारों को
वह हो गया निर्बल
विकास हो रहा है बल।
चिन्तामणि जोशी
About the poet

चिन्तामणि जोशी

View profile & all 15 Poems / Stories