आता नहीं जो सामने मारे हिजाब के
हम दिल से हैं निसार उसी आफ़्ताब के
जल्वा-गर था हर जगह का'बा था या बुत-ख़ाना था
घर हज़ारों थे मगर वो एक साहब-ख़ाना था
हैराँ था कि दिल मेरा कहाँ जा के छुपा है
जुगनू की तरह यार की दस्तार में चमका
जब ग़ुंचे ने सर अपना गरेबाँ से निकाला
बुलबुल ने क़दम फिर न गुलिस्ताँ से निकाला
नूर था या शो'ला था या बर्क़ या ख़ुर्शीद था
कुछ तो ऐ मूसा कहो क्या था वो जल्वा तूर का
नेकी का कोई काम ही आया नहीं मुझ से
क्या होवेगा अंजाम मिरा कुछ नहीं मा'लूम
भरोसा है तिरा ही और है तेरे सिवा किस का
न देवे आसरा जब तू मुझे हो आसरा किस का








