अंतर्भूत आकृतियों को छोड़कर
सिकुड़ने वाले अक्षर नहीं चाहिए
अनुभवों के भीगेपन से वंचित
उमचने वाले शब्द नहीं चाहिए
भीतर का भीतर बाहर का बाहर
बीचोबीच पहरा देने वाली भाषा नहीं चाहिए
चारों तरफ़ की रोशनी को नोच कर
स्याह हो चुकी कविता नहीं चाहिए
होने में उलझ कर न होने को नकारने वाली
बेमतलब ज़िंदगी नहीं चाहिए








