तुम्हारा दु:ख - मेरा दु:ख - चंद्र रेखा ढडवाल

चंद्र रेखा ढडवालचंद्र रेखा ढडवाल15 Sept 1951

3 min read · 12.4K reads


तुम्हारा दु:ख / मेरा दु:ख

कुछ है जो रोकता है
भीतर / बाहर
तुम्हें भी / मुझे भी
कुछ है जो दोनों को
एक साथ दोनों को
एक साथ चुभता है
और एक साथ ही
लहूलुहान होते हैं
दोनों के पैर
मैं अपनी चोट रेत मिट्टी के
पोर-पोर में रमाती हूँ
तुम धर देते हो अपना लहू
उजली चादर पर
मेरी पीड़ा चुपचाप भोगती है
ज़मीन...
हवाएँ सहमती हैं
पर दिशा नहीं बदलती
मैं भी सहज होने लगती हूँ
कि एक दिन ऊँची बुर्ज़ी से
फहराए जा रहे झंडे में
पैबंद की तरह
टंका देखती हूँ
तुम्हारा दु:ख
जिसकी छाया तले
सारा देश मौन बैठा है.

चंद्र रेखा ढडवाल
About the poet

चंद्र रेखा ढडवाल

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like