बहिर्गमन - चन्दन सिंह

चन्दन सिंहचन्दन सिंह1 Sept 1954

5 min read · 12.4K reads

पोटलियाँ सिर पर कन्धों पर
मिमियाती बकरियाँ और अचरज भरे शिशु लिए
पता नहीं कहाँ जा रहे हैं ये
किस दिशा ने थाम रखी हैं इनकी अँगुलियाँ
कुछ पता नहीं

कितना सरल है इनका बेघर हो जाना
आग की कोई चिंगारी
कोई ख़ाकी वर्दी
या शहर के शृंगार के लिए
कंघी की तरह फेरा गया कोई बुलडोजर
पल भर में कर सकता है इन्हें बेघर

इस बार
शहर में आई अप्रत्याशित बाढ़ ने
किया यह काम

इनके घरों के पैरों के नाखूनों में
सुइयों की तरह चुभा था जल
पीड़ा में खुले मुँह की तरह खुले थे
इनके घरों के द्वार
हड़बड़ाए हुए बाहर आए थे ये
किसी कराह की तरह

ये जा रहे हैं
पाँवों से अदृश्य ज़मीन को टटोलते
ये जा रहे हैं जैसे इसी तरह चलते -चलते
एक दिन पृथ्वी के छोर पर पहुँच
अतल में गिर जाएँगे

धीरे -धीरे हो जाते हैं ये
दृश्य से ओझल
बची रह जाती हैं सिर्फ़
इनकी देह से फूटी लहरें
अनगिनत चीज़ों से टकराती हैं जो
करती हैं चोट
लगातार...लगातार...
चन्दन सिंह
About the poet

चन्दन सिंह

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like