जी भर रोया - बुद्धिनाथ मिश्र

बुद्धिनाथ मिश्रबुद्धिनाथ मिश्र1 Sept 1949

3 min read · 12.4K reads

रोज एक परिजन को खोया
पाकर लम्बी उमर आज मैं
जी भर रोया।


जिनके साथ उठा-बैठा
पर्वत-शिखरों पर
उनको आया सुला
दहकते अंगारों पर
जो था मुझे जगाता
सारी रात हँसा कर
वह है खुद लहरों पर सोया।


एक-एक कर तजे सभी
सम्मोहन घर का
रहा देखता मैं निरीह
सुग्गा पिंजर का
हुआ अचंभित फूल देखकर
टूट गया वह धागा
जिसमें हार पिरोया।


किसके-किसके नाम
दीप लहरों पर भेजूँ
टूटे-बिखरे शीशे
कितने चित्र सहेजूँ
जिसने चंदा बनने का
एहसास कराया
बादल बनकर वही भिगोया।
बुद्धिनाथ मिश्र
About the poet

बुद्धिनाथ मिश्र

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like